बदल रही 33 साल पुराने सिटी फॉरेस्ट की सूरत, 1.40 करोड़ से निखर रहा स्वरूप
हमीरपुर । शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले 33 वर्षों से उपेक्षित पड़े ऐतिहासिक सिटी फॉरेस्ट का अब तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। शासन द्वारा स्वीकृत 1.40 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से इस पार्क के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
पार्क को एक आकर्षक पर्यटन और मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए इसमें कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। बच्चों और प्रकृति प्रेमियों को लुभाने के लिए पार्क के भीतर जंगली जानवरों की बेहद आकर्षक और जीवंत प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही, सुबह-शाम टहलने आने वाले युवाओं और बुजुर्गों की सेहत का ध्यान रखते हुए यहां आधुनिक ‘ओपन जिम’ भी तैयार किया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना के पहले चरण के लिए शासन से 76 लाख रुपये की पहली किस्त जारी हुई थी, जिससे कराए जाने वाले प्रमुख निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य लगभग पूरे किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृत बजट की शेष धनराशि प्राप्त होते ही पार्क के बचे हुए विकास कार्यों को भी अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
फिलहाल, वन विभाग की प्राथमिकता इस संवरे हुए पार्क को जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोलने की है, जिसकी तैयारियां इन दिनों जोरों पर चल रही हैं।


Kuldeep kumar (Kabir)
Designation: REPORTER
Work Area: Hamirpur (gramin) (Up)
Mobile: 8090832579
Email: kuldeep.aroh@gmail.com
